इटावा। ओमिक्रॉन की आहट ने नए साल के स्वागत को आतुर युवाओं के जोश पर कहर बरपा दिया है। नाइट कर्फ्यू लगने के बाद अब होटलों में देर रात तक होने वाली पार्टियों पर रोक लगा दी गई है।
एक महीने पहले हुई वेलकम न्यू ईयर पार्टी की बुकिंग होटलों को कैंसल करनी पड़ी है। वर्ष 2022 के स्वागत को लेकर युवा वर्ग ने तैयारियां कर रखी थी। होटलों में पार्टियों के लिए हाल बुक हो गए थे।
डीजे, आतिशबाजी और नाच गाने का इंतजाम किया गया। दिसंबर के जाते जाते ओमिक्रॉन का खतरा सामने आ गया। प्रदेश सरकार ने भीड़भाड़ वाले कार्यक्रमों के आयोजन पर सख्ती कर दी।
वही रात नौ बजे के बाद नाइट कर्फ्यू लगा दिया। शहर में जाने माने होटलों के संख्या करीब एक दर्जन भर है। इन होटलों में शासन की गाइड लाइन उपलब्ध करा दी गई है।
शासन का आदेश मिलते ही होटल संचालकों ने न्यू ईयर पार्टियों की बुकिंग कैंसल कर दी। डॉ. शमशेर सिंह ने बताया कि शासन के आदेश का पालन सख्ती से कराया जाएगा।
उधर, नए साल पर पार्टी आल नाइट नहीं चलेगी और न ही किसी तरह का हुड़दंग चलेगा। पुलिस ने कोराना गाइड लाइन और नाइट कर्फ्यू का पालन कराने के लिए तैयारी पूरी कर ली है।
पुलिस ने दो दिन पहले से ही होटलों, रैन बसेरों और अन्य स्थानों पर सघन तलाशी शुरू कर दी है। सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि जहां-जहां नए साल पर जश्न होने की संभावना है, वहां पर नजर रखी जा रही है।
होटलों, रेस्टोरेंट संचालकों को भी निर्देशित कर दिया गया है कि समय का पूरा ध्यान रखा जाए। पुलिस ने सघन तलाशी अभियान भी चलाया हुआ है। कहा कि नए साल पर नाइट कर्फ्यू का सख्ती से पालन कराया जाएगा।