कानपुर देहात। अकबरपुर थाना क्षेत्र के संगसियापुर में बौद्ध कथा वाचक की वैन पर हमला करने और आंबेडकर प्रतिमा खंडित करने के मामले में दूसरे दिन गुरुवार को भी पुलिस तैनात रही। वहीं दर्ज मुकदमे पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
आंबेडकर प्रतिमा खंडित किए जाने के मामले में पुलिस दूसरे दिन गुरुवार को अलर्ट रही। पुलिस ने घटना के बाद दो लोगों को हिरासत में लिया था। उनसे भी घटना के बारे में गहना से पूछताछ की गई। पुलिस के अधिकारी गांव के हर गतविधियों पर दिन भर नजर बनाए रहे। वहीं गांव के लोगों ने बताया कि कुछ ग्रामीणों ने सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस पर अकबरपुर तहसील में शिकायती पत्र दिया था। बताया था कि गांव के आंबेडकर पार्क में बौद्ध कथा चल रही है। इसमें अभद्र टिप्पड़ी की जाती है। इससे गांव के लोगों में रोष है। कार्रवाई करने की मांग की थी। इसके बाद भी गंभीरता नहीं बरती गई।
इधर घटना के बाद से पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस ने गुरुवार को मारपीट होने से लेकर प्रतिमा खंडित होने के समय और लोगों की उपस्थिति की जानकारी जुटाई। वहीं जिन लोगों को आरोपी बनाया गया है उनके परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि साजिश के तहत घटना बताई गई है। किसी ने प्रतिमा खंडित नहीं की है। इसकी निष्पक्ष जांच की जाए।
बता दें कि संगसियापुर स्थित आंबेडकर पार्क में गांव के सामूहिक रूप से 18 से 24 मार्च तक बौद्ध कथा का आयोजन किया गया था। बौद्ध कथा के समापन पर मंगलवार रात दो बजे के करीब कथा वाचक मिलन बौद्ध अपने साथियों संग वैन से घर के लिए निकले थे। आरोप था कि गांव से दो किलोमीटर दूर श्याम ईंट-भट्ठा के पास पहुंचने पर कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी पर पथराव करने के साथ मारपीट कर दी। मारपीट में कथा वाचक के सहयोगी नीतेश, प्रिंस व धर्मवीर घायल हो गए। जानकारी पर आयोजक व ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इस बीच किसी ने पार्क में लगी आंबेडकर प्रतिमा का सिर खंडित कर दिया। गांव वापस लौटे ग्रामीणों में प्रतिमा क्षतिग्रस्त देख और भी रोष पैदा हो गया। ग्रामीण आरोपियों पर कार्रवाई व प्रतिमा बदलवाने की मांग करने लगे।
इधर घटना की जानकारी पर एडीएम प्रशासन अमित कुमार, एएसपी राजेश पांडेय, एसडीएम सुरभि शर्मा पुलिस बल के साथ माैके पर पहुंचे और नाराज लोगों को समझाने के साथ शाम को नई प्रतिमा लगवा दी थी। वहीं संगसियापुर निवासी देवेंद्र कुमार की तहरीर पर नौ नामजद समेत 34 पर कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। थानाध्यक्ष हरमीत सिंह ने बताया कि दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस तैनात है। गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है।