कानपुर में रक्षाबंधन पर्व पर पुलिस सुरक्षा की धज्जियां उड़ गईं। दरअसल, पुलिस कमिश्नर डॉ. आरके स्वर्णकार समेत पुलिस के अमले ने गुरुवार दोपहर को सुरक्षा के लिहाज से झकरकटी बस अड्डे का निरीक्षण किया। उनके जाते ही बदमाशों ने भीड़ का फायदा उठाकर महिला का मंगलसूत्र लूट लिया।
दुखी महिला फूट-फूटकर रोने लगी। वहीं पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी कैमरे चेक कराए जा रहे हैं। जाजमऊ स्थित टेनरी में काम करने वाले शिवकटरा निवासी संजय की पत्नी दीप्ति पांच साल के बेटे के साथ उन्नाव के मौरावां स्थित मायके जाने के लिए झकरकटी बस अड्डे आई थी।
महिला जैसे ही हरदोई जाने वाली बस में चढ़ी। तभी पीछे से उनके गले से किसी व्यक्ति ने मंगलसूत्र पार कर दिया। घटना के बाद महिला रो-रोकर मदद की गुहार लगाती रही। यह सब उस समय हुआ, पुलिस कमिश्नर, एसीपी बाबूपुरवा व थाना प्रभारी बाबूपुरवा निरीक्षण कर निकले ही थे।