झींझक। भटेलिनपुरवा मोड़ के सामने विवादित भूमि पर स्थित कब्रिस्तान में बुलडोजर चलाने पर ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया। प्रधान पुत्र की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने एक को हिरासत में लिया है।
मंगलपुर-झींझक रोड पर भटेलिनपुरवा गांव के मोड़ के सामने मनकापुर ग्राम पंचायत की भूमि पर मंगलपुर निवासी कंजड़ समाज का कब्रिस्तान है। इसी भूमि पर मनकापुर निवासी संतराम व लक्ष्मी नारायण के कृषि पट्टे हैं। दोनों पक्ष के बीच जमीन कब्जे को लेकर विवाद चल रहा है।
कंजड़ समाज की तरफ से भी न्यायालय में वाद दाखिल है। गुरुवार रात बुलडोजर चलवाकर कब्र क्षतिग्रस्त कर दी गई। सुबह कंजड़ समाज के लोगों को जानकारी होने पर वह मौके पर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया।
ग्राम प्रधान मंगलपुर चंद्रपाल गिहार के पुत्र मिथुन आदि की तहरीर पर पुलिस ने मंगलपुर कस्बा निवासी शिव सिंह गिहार, अंकित यादव, रमेश राजपूत, मनकापुर के संत कुमार, लक्ष्मी नारायण व औरैया के लालू तिवारी के खिलाफ बलवा, एससी/एसटी, जान से मारने की धमकी व धार्मिक भावना को आहत पहुंचाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
वहीं शिवसिंह को हिरासत में लिया गया है। गांव निवासी बबिता, शकुंतला, मिथुन, अनीता, मंजू, कांति, अनारकली, शीला, किरण, भूरी, मीना, ओमी, सुनील आदि ने बताया कि उनके समाज के कब्रिस्तान को रात में तोड़ दिया गया। जबकि जमीन का न्यायालय में वाद विचाराधीन है।