जिला अस्पताल की ओपीडी में फिजीशियन कक्ष के बाहर लगी मरीजों की लगी लाइन। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। डेंगू व बुखार के बढ़ते प्रकोप के चलते रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार को अस्पताल खुलते ही मरीजों की जमकर भीड़ रही। जिला अस्पताल अकबरपुर की ओपीडी में 920 मरीज पहुंचे।
इनमें करीब तीन सैकड़ा लोग बुखार पीड़ित रहे। सोमवार को जिला अस्पताल की सभी ओपीडी में डॉक्टर मुस्तैद दिखे। फिजीशियन व बाल रोग विशेषज्ञ कक्ष मेें मरीजों की कतार लगी रही।
इसी तरह रसूलाबाद सीएचसी मेें बुखार के आठ, संदलपुर सात, डेरापुर 11, राजपुर 11, सिकंदरा 12, झींझक 20 सहित अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में करीब चार सौ से अधिक बुखार पीड़ित मरीज पहुंचे। जिनका परीक्षण कर दवा दी गई।
रसूलाबाद सीएचसी की ओपीडी से नदारद रहे डॉक्टर
रसूलाबाद। गांव-गांव फैले डेंगू व बुखार से जहां एक ओर मरीजों की हर रोज अस्पतालों में भीड़ उमड़ रही है, वहीं डॉक्टर के न मिलने से लोग झोलाछाप से इलाज कराने को मजबूर हो रहे हैं।
सोमवार को रसूलाबाद सीएचसी की ओपीडी मेें 205 मरीज पहुंचे। ओपीडी में सिर्फ डॉ. अमित सक्सेना व डॉ. सौरभ सिंह शाक्य मौजूद रहे। दो डॉक्टर ओपीडी से नदारद रहे। इससे मरीजों की कतार लगी रही।
घंटों इंतजार करने के बाद डॉक्टरों के न पहुंचने पर कई मरीज वापस लौट गए। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आशीष मिश्रा ने बताया कि माती बैठक में जाने के कारण डॉक्टरों के अनुपस्थित रहने की जानकारी नहीं है। पूछताछ की जाएगी। (संवाद)