रनियां व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवशरण गुप्ता। फाइल फोटो। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। जिले में डेंगू व बुखार कहर बरपा रहा है और अफसर कागजों में दावों को झुठलाने में जुटे हैं। सोमवार को डेंगू की चपेट में आकर रनियां व्यापार मंडल अध्यक्ष की मौत हो गई, वहीं बुखार पीड़ित पत्नी का कानपुर के अस्पताल में इलाज चल रहा है। जिले मेें डेंगू व बुखार से अब तक 44 लोगों की मौत हो चुकी है।
मानसूनी बारिश के बाद नगर से लेकर गांवों तक जलभराव व गंदगी से डेंगू व बुखार ने पांव पसार लिए हैं। इसके बावजूद अफसर जिले में अभी तक डेंगू जांच की सुविधा तक शुरू नहीं करा सके हैं। जिससे तकरीबन हर रोज लोग डेंगू व बुखार से दम तोड़ रहे हैं।
रनियां कस्बा निवासी व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवशरण गुप्ता (52) को पांच दिन पहले बुखार आया था। उन्होंने कानपुर में डेंगू की एलाइजा जांच कराई। जिसमें उन्हें डेंगू होने की पुष्टि हुई। इसके बाद उनका कानपुर के ही प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा था।
सोमवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि उनकी पत्नी सरिता गुप्ता (48) को कई दिनों से बुखार आ रहा है। उनका कानपुर के अस्पताल में इलाज चल रहा है। व्यापार मंडल अध्यक्ष की मौत की जानकारी पर घर पर लोगों की काफी भीड़ लगी रही।
रनियां के एक व्यक्ति की डेंगू से कानपुर के प्राइवेट अस्पताल में मौत होने की जानकारी मिली है। अस्पताल से डेंगू जांच व उपचार संबंधी कागज मंगाए गए हैं। स्वास्थ्य टीम को दवा छिड़काव के लिए भेजा जाएगा। - डॉ. एके सिंह, सीएमओ