जालौन जिले की तीन विधानसभा क्षेत्रों के 40 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला गुरुवार को होगा। मुख्य मुकाबले के प्रत्याशियों में परिणाम को लेकर खासा उत्साह है। बुधवार रात से ही प्रत्याशी और उनके समर्थक मंडी परिसर के बाहर डटे हुए हैं।
2022 के विधानसभा चुनाव में जिले की उरई सदर, कालपी और माधौगढ़ सीट से कुल 40 प्रत्याशियों ने अपनी किस्मत आजमाई थी। इनमें 12 प्रत्याशी चार प्रमुख दल के हैं। तीनों सीटों पर जीत दर्ज करने के लिए महीनों से चल रही मशक्कत का परिणाम दोपहर तीन बजे तक आने की संभावना है।
सुबह आठ बजे से मंडी परिसर में सबसे पहले बैलेट पेपर की गिनती शुरू कराई जाएगी। इसकी गिनती आधे घंटे तक होने के बाद साढ़े आठ बजे से हर विधानसभा की 14-14 मेजों पर ईवीएम से पड़े वोटों की गिनती शुरू कर दी जाएगी।
सबसे कम समय में कालपी की 36 राउंड तो इसके बाद उरई सदर की 37 राउंड में मतगणना पूरी हो जाएगी। सबसे ज्यादा देर तक माधौगढ़ विधानसभा की 41 राउंड तक गिनती चलेगी। प्रशासनिक अधिकारियों का दावा है कि यदि कोई व्यवधान नहीं हुआ तो शाम तीन बजे तक तीनों सीटों के नतीजे आ जाएंगे।