राष्ट्रपति की सुरक्षा को लेकर पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। राष्ट्रपति के सुरक्षा प्लान समेत एक-एक पहलू की जानकारी से संबंधित पेजों की पीडीएफ फाइल एक दिन पहले ही व्हाट्सएप पर वायरल हो गई। पुलिस कमिश्नर असीम अरुण ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। एडीसीपी ट्रैफिक राहुल मिठास ने जांच शुरू कर दी है। एक विभागीय कर्मचारी शक के दायरे में है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद दो दिवसीय प्रवास में बुधवार से शहर में हैं। दौरे से ठीक एक दिन पहले मंगलवार देर शाम पुलिस की लापरवाही से राष्ट्रपति का मिनट टू मिनट कार्यक्रम व सुरक्षा का ब्योरा लीक हो गया। सुरक्षा से संबंधित गोपनीय दस्तावेज व्हाट्सएप पर इधर उधर घूमते रहे।
इसमें यह भी जानकारी है कि हेलीपैड पर सुरक्षा व्यवस्था की किस अफसर की जिम्मेदारी है। हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल के डी-सर्किल व एंट्री गेट से लेकर मंच और फ्लीट के साथ ही सर्किट हाउस की इनर और आउटर कार्डन की सुरक्षा की पूरी जानकारी इसमें लिखी है। एक-एक सीसीटीवी कैमरे का भी ब्योरा है।
आतंकी घटनाओं का जिक्र, अलर्ट, सब सार्वजनिक वायरल दस्तावेज में कानपुर में पहले हुई आतंकी घटनाओं का ब्योरा है। लिखा है कि पिछले तीन दशक में कानपुर में चार बड़ी आतंकी घटनाएं हुईं। अब तक दस आईएसआईएस एजेंट गिरफ्तार किए जा चुके हैं।