बिठूर पति ने पत्नी की गला दबाकर की हत्या फोटो ---- -पुलिस की हिरासत में पति महेंद्र।
कानपुर। चार माह के पुत्र को दूध पिलाने से मना करने पर पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना बिठूर थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले में महिला के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दहेज हत्या में एफआईआर दर्ज की है।
बिठूर के टिक्कनपुरवा निवासी महेंद्र मौर्या उर्र्फ लालजी चाट का ठेला लगाता था। महेंद्र ने सफीपुर (उन्नाव) निवासी पूजा कश्यप (20) के साथ परियर पुलिस चौकी परिसर में बीते वर्ष 22 फरवरी को प्रेम विवाह किया था। महेंद्र का कहना है शुक्रवार देर रात पूजा से दुधमुंहे बेटे अदित को दूध पिलाने के लिए कहा तो उसने मना कर दिया। इस पर पहले बहस और मारपीट हुई। आवेश में आकर पूजा का गला दबा दिया। रात भर वह पत्नी के शव और दुधमुंहे बच्चे के साथ रहा। सुबह बच्चे के रोने पर महेंद्र की मां कौशल्या को घटना के बाबत पता चला। ग्राम प्रधान बालेंद्र सिंह की सूचना पर बिठूर पुलिस और मायके वाले मौके पर पहुंचे। पूजा के पिता सोनेलाल का आरोप है महेंद्र बाइक और पचास हजार रुपये के लिए अक्सर बेटी के साथ मारपीट करता था। एक बार बिठूर थाने में समझौता हुआ था। बुधवार को महेंद्र पूजा के साथ घर आया था। अपने घर लौटते समय उसने पूजा को गंगा में फेंकने की धमकी दी थी। थाना प्रभारी कौशलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सोनेलाल की तहरीर पर पति, सास, दोनों जेठ धर्मेंद्र व नरेंद्र, जेठानी कुसुमा और सुनीता के अलावा मामा सुरेश कुमार के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।