झींझक/रूरा। अकबरपुर सांसद ने रेलवे व मालभाड़ा के अधिकारियों के साथ सोमवार को झींझक के रानेपुर, शाहपुर नासरसेड़ा व खमहैला अंडरपास का निरीक्षण किया। सभी जगहों पर जलभराव की स्थिति मिली। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।
सांसद ने अधिकारियों से जलनिकासी की व्यवस्था कराते हुए अंडरपास तक जाने के लिए रास्ता बनवाने के निर्देश दिए। इसके बाद सांसद ने रूरा के इंजुवारामपुर अंडरपास का निरीक्षण किया। यहां भी उन्हें पानी भरा मिला।
सांसद अकबरपुर देवेंद्र सिंह भोले ने सोमवार को मालभाड़ा आगरा के जीएम संदेश श्रीवास्तव, एसएच जोशी, कोऑर्डिनेटर सजंय व रेलवे प्रयागराज के सीटीएम हिमांशु के साथ रानेपुर, शाहपुर, नासरसेड़ा व खमहैला अंडरपास का निरीक्षण किया।
सभी अंडरपासों में दीवारों से पानी रिसने के कारण जलभराव मिला। नासरसेड़ा अंडरपास में गड्ढे पाए। जिस पर सांसद ने अधिकारियों ने नाराजगी जताई और जल्द जलनिकासी की व्यवस्था कराने को कहा।
साथ ही अंडरपासों तक जाने वाली खराब सड़कों के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सूची बनाकर देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में समस्या हो रही है।
इसलिए अधिकारी समस्या निराकरण पर गंभीरता से ध्यान दें। इस दौरान एसडीएम डेरापुर ज्ञानेश्वर मिश्रा, मंगल सिंह, प्रबल प्रताप सिंह, रमेश राजपूत, विक्रम सिंह, टोनी श्रीवास्तव, मनोज सिंह, लक्ष्मण सिंह, सोमेंद्र सिंह, राघव अवस्थी आदि मौजूद रहे।
उधर, सांसद ने बाद में रूरा के इंजुवारामपुर अंडरपास का निरीक्षण किया। यहां भी उन्हें पानी भरा मिला। यहां मौजूद लोगों ने उनसे पानी निकासी की मांग की। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।