हरदोई जिले में सदर विधायक नितिन अग्रवाल ने मंगलवार को साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए पूर्ववर्ती सपा सरकार को निशाने पर लिया। सदर विधायक ने कहा कि पिछली सरकार में जब मुजफ्फरनगर में दंगे हो रहे थे, तब सपा के दिग्गज सैफई में नाच गाना देखने में व्यस्त थे।
उन्होंने कहा कि मजबूत विपक्ष सरकार की सक्रियता बढ़ाता है, लेकिन यहां विपक्ष के पास मुद्दा ही नहीं है। वैटगंज स्थित आवास पर पत्रकारों से बातचीत में सदर विधायक नितिन अग्रवाल ने कहा कि बिना किसी भेदभाव के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्य किया है।
जाति धर्म के आधार पर नहीं बल्कि पात्रता के आधार पर योजनाओं का लाभ लोगों को दिया गया है। किसान सम्मान निधि, सौभाग्य योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत आदि का उल्लेख भी सदर विधायक ने किया।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए सदर विधायक ने कहा कि सकारात्मक विपक्ष हो तो अच्छा लगता है। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है और इसलिए विपक्ष सदन नहीं चलने देता। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बेहद संवेदनशील हैं। पूर्व की सरकार में मुख्यमंत्री समेत पार्टी के आला नेता सैफई में नाच गाना देखने में व्यस्त रहते थे।
गंभीर से गंभीर घटनाओं पर भी हीलाहवाली होती थी। योगी सरकार ने माफियाओं और गुंडों के प्रति सख्त रुख दिखाया है। पत्रकार वार्ता में नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष राम प्रकाश शुक्ला भी मौजूद रहे।