प्रदेश के पर्यटन और चित्रकूटधाम मंडल के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह जिला अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे तो कई जगह अव्यवस्थाएं मिलीं। मरीजों को फल वितरण के दौरान वार्ड में बीमार महिला की मौत की जानकारी हुई तो मंत्री खफा हो गए। इलाज करने वाले डॉक्टर को बुलाकर जानकारी ली। सीएमओ और सीएमएस को निर्देश दिए कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करें।
शनिवार को प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने जिला अस्पताल में मरीजों से इलाज एवं दवाओं के बारे में जानकारी की। गायत्री देवी, सोहन, कुंता देवी ने बताया कि दवाएं अस्पताल से ही मिल रही हैं। उन्होंने जच्चा-बच्चा वार्ड, जनरल वार्ड, पोषण पुनर्वास केंद्र व एसएनसीयू वार्ड में भर्ती बच्चों का हालचाल लिया और फल बांटा।
जनरल वार्ड में आग से झुलसा मरीज भर्ती था। उन्होंने सीएमएस को निर्देश दिए कि इस मरीज को बर्न वार्ड में भर्ती कराया जाए। जनरल वार्ड में मैकी (30) निवासी चरदहा इलाज चल रहा था, लेकिन उसकी मृत्यु हो गई थी। कुछ समय पहले ही मंत्री वहां गए थे और महिला की मां को फल देकर आए थे।
इसकी जानकारी होते ही मंत्री ने नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल, सीएमओ डॉ. भूपेश द्विवेदी व सीएमएस डॉ. राजेश खरे से कहा कि जो डॉक्टर इस मरीज का इलाज कर रहा था, उसकी जांच कराकर सख्त कार्रवाई कराएं। एसपी अतुल शर्मा, सीडीओ अमित आसेरी के अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश खरे, जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, ब्लाक प्रमुख सुशील द्विवेदी, भाजपा जिला प्रभारी देवेश कोरी, जिला उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल भी मौजूद रहे।