बीए और बीकॉम में प्रवेश के लिए इंटर में 60 प्रतिशत अंक होने चाहिए
प्रवेश प्रभारी सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि क्राइस्ट चर्च कॉलेज में 2024-2025 सत्र के लिए स्नातक एवं परास्नातक में ऑनलाइन आवेदन कर छात्र 20 मई से सीधे प्रवेश ले सकते हैं। बीए में कुल 360, बीकॉम में 400 एवं बीएससी (बायो एवं मैथ) में 480 सीटें निर्धारित हैं। एमकॉम में 160, एमएससी में 134 एवं एमए में कुल 420 सीटें हैं। प्रवेश के लिए छात्रों को कॉलेज की वेबसाइट (www.cccknp.ac.in) पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। कॉलेज ने खुद ही कटऑफ तय कर दी है। बीए एवं बीकॉम में प्रवेश के लिए इंटरमीडिएट में 60 फीसदी तथा बीएससी में प्रवेश के लिए 50 फीसदी अंक होने चाहिए।
अब गणित के तीन में दो सेक्शन
कॉलेज में पहले गणित में तीन और बायो में दो सेक्शन होते थे। अब गणित के सेक्शन दो और बायो के तीन हो गए हैं। हालांकि दोनों ही विभागों की सीटें खाली रहती हैं। 480 में बमुश्किल 325 सीटें ही भर पाती हैं।
बदल गईं हैं प्राथमिकताएं, नौकरी वाले कोर्स को तरजीह
कॉलेज के वरिष्ठ प्रोफेसर डीसी श्रीवास्तव बताते हैं कि अब छात्रों की प्राथमिकताएं बदल गईं हैं। अब सामान्य बीए कोई नहीं करना चाहता है। सभी को नौकरी चाहिए, इसलिए जॉब ओरिएंटेड कोर्स की ओर जा रहे हैं। कोरोना और नई शिक्षा नीति के बाद यह स्थिति तेजी से बदली है।
सन 1866 का कॉलेज, 1984 में शुरू हुई मेरिट व्यवस्था, छह साल पहले तक हाई रही मेरिट
क्राइस्ट चर्च कॉलेज की स्थापना 1866 में हुई थी। तब कॉलेज कोलकाता यूनिवर्सिटी से संबद्ध था। 1892 में इलाहाबाद यूनिवर्सिटी, 1927 में आगरा यूनिवर्सिटी और 1966 से कानपुर यूनिवर्सिटी से संबद्ध है। शुरुआत में सीधे प्रवेश होते थे, लेकिन धीरे-धीरे सीटों के सापेक्ष आवेदनों की संख्या में इजाफा होने लगा। इसके चलते 1984 में मेरिट व्यवस्था शुरू की गई थी। वरिष्ठ प्रोफेसर डीसी श्रीवास्तव कहते हैं कि यह कॉलेज शहर की शान रहा है। 2018 तक बीकॉम में 86 फीसदी, बीए और बीएससी में 70 फीसदी तक कटऑफ जाती रही है।
बीएससी में तीन साल में इस तरह घटे प्रवेश
सत्र सीटें प्रवेश
2021-22 480 325
2022-23 480 345
2023-24 480 312