देश के सबसे प्रदूषित 131 शहरों की वायु गुणवत्ता में सर्वाधिक सुधार कानपुर में हुआ है। गुरुवार को केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से पोर्टल प्राण में जारी की गई तिमाही (जनवरी से मार्च) रैंकिंग में कानपुर 100 में 87 अंक पाकर पहले स्थान पर है। 85 अंकों के साथ महाराष्ट्र का शहर ठाणे दूसरे, इतने ही अंकों के साथ दिल्ली तीसरे नंबर पर है। 83 अंकों के साथ कोलकाता चौथे और 51 अंकों के साथ गाजियाबाद पांचवें नंबर पर है।
केंद्र सरकार की ओर से संचालित एनसीएपी प्रोग्राम के तहत देश के प्रदूषित 131 शहरों को केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड वायु गुणवत्ता में सुधार लाने और प्रदूषण की रोकथाम के लिए धन देता है। राज्य सरकार सहयोग करती हैं। इस धन से कराए जाने वाले कामों की निगरानी सीपीसीबी के अधिकारी करते हैं। पांच साल में कानपुर को इस मद में करीब 344 करोड़ रुपये आवंटित हुए हैं।