कानपुर देहात। मंगलपुर-असवी व महटौली-कसोलर मार्ग चौड़ीकरण का प्रस्ताव हो गया है। लोक निर्माण विभाग ने इन दोनों मार्गाें को कार्ययोजना में शामिल कर लिया है। इसी वित्तीय वर्ष में मंजूरी मिलने की उम्मीद है। दोनों सड़कें चौड़ी होंगी तो करीब 50 हजार की आबादी को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
मंगलपुर से असवी मार्ग अन्य जिला मार्ग के अन्तर्गत आता है। यह मार्ग करीब 8.2 किलोमीटर लंबाई में एक लेन है जबकि इस मार्ग पर आवागमन अधिक है। ऐसे में दोनों ओर से वाहनों के आने पर आवाजाही में परेशानी होती है। वहीं आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने में खतरा रहता है। इसी प्रकार महटौली कसोलर मार्ग को पांच किलोमीटर से अधिक लंबाई में चौड़ीकरण की मांग हो रही है। यह मार्ग चौड़ा होने से आवाजाही में सहूलियत होगी। राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार अजीत सिंह पाल ने इन दोनों सड़कों के चौड़ीकरण का प्रस्ताव पिछले दिनों दिया है। इसपर लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड ने इन सड़कों के चौड़ीकरण का प्रस्ताव कार्ययोजना में शामिल कर लिया है। अब शासन की मंजूरी मिलने और बजट आवंटन पर इन सड़कों का चौड़ीकरण किया जाएगा।
................
मंगलपुर -असवी व महटौली-कसोलर मार्ग चौड़ीकरण के प्रस्ताव को वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में शामिल किया गया है। शासन से मंजूरी मिलने पर काम कराए जाएंगे। - सुनील सिंह, एक्सईएन लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड
....................
इन गांवों के लोगों को होगी सहूलियत
मंगलपुर-असवी मार्ग से लाड़पुर छिवना, असवी, जरहौली, परहौली, नया का पुरवा, किशनपुर, सबलपुर, सिकहिला व सोधेपुर समेत जुड़े करीब 10 गांवों के लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी। इसी मार्ग से सोधेमऊ असवी होकर लोग औरैया आवागमन करते हैं। वहीं महटौली-कसोलर से रीवा होकर संदलपुर मार्ग से करीब दस गांव जुड़े हैं। इसमें बीसलपुर, ततुवापुर, ततुवापुर की मड़ैया, किन्नर की मड़ैया, मंसापुर, रीवा आदि गांव शामिल हैं। यह मार्ग कानपुर-इटावा हाईवे से जुड़ा है।