गुलाबी गैंग के साथ एसपी की चौखट पहुंची पीड़िता
- फोटो : अमर उजाला
नौ माह पहले युवती से कोर्ट मैरिज करने के बाद युवक ने दूसरी शादी कर ली। शादी करने की जानकारी पर युवती उसके घर पहुंची तो उससे तलाकनामे पर जबरन हस्ताक्षर करा लिए।
बुधवार को युवती गुलाबी गैंग के साथ पुलिस अधीक्षक से मिली। शिकायती पत्र देकर युवक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। गुलाबी गैंग ने एसपी को चेतावनी दी कि यदि पीड़िता को न्याय नही मिला तो वह आंदोलन को मजबूर होंगी। एसपी ने मामले को महिला थाना भेजते हुए कार्रवाई का भरोसा दिया है।
शिकायती पत्र के मुताबिक जनपद गाजीपुर के ग्राम गोहद निवासी कंचन सिंह पुत्री स्व. ह्रदेश सिंह दिल्ली में अपनी बुआ के यहां रहकर गुड़गांव की रेजीडेंसी में नौकरी करती थी। नौकरी के दौरान वह ग्राम छिकहरा महोबा निवासी देवेंद्र सिंह के संपर्क में आ गई।
दोनों ने 26 नवंबर 2016 को चंदौली कोर्ट में शादी कर ली। कुछ माह तक दोनों साथ रहे। 17 मई 2017 को युवक परिजनों की तबियत खराब होने की बात कहकर घर महोबा आया और 22 मई को दूसरी शादी कर ली। जब कंचन युवक के घर पहुंची तो उसे धक्के मारकर घर से निकाल दिया।
युवती का आरोप है कि पहले तो युवक ने पैसे का लालच देकर तलाक के पेपरों में हस्ताक्षर करने का दबाव डाला, जब वह नही मानी तो जबरन तलाकनामे पर उसके हस्ताक्षर करा लिए। बुधवार को पीड़िता ने गुलाबी महिला उत्थान समिति की अध्यक्ष सुमन सिंह चौहान व अन्य महिलाओं के साथ पुलिस अधीक्षक अनीस अहमद अंसारी को शिकायती पत्र दिया।
- तलाकनामे पर जबरन हस्ताक्षर कराने का आरोप
- न्याय न मिलने पर गुलाबी गैंग ने दी आंदोलन की चेतावनी
- एसपी ने मामले को महिला थाना भेजते हुए कार्रवाई का भरोसा दिया