कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात सौ रुपये मांगने पर एक युवक की सिर पर बांट (वजनदार वस्तु) मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। बीच सड़क हुई वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने युवक को अस्पताल में भर्ती करवाया। इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे घर भेज दिया। शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई।
रावतपुर के सुरेंद्र नगर में गुरुवार रात उधार के सौ रुपए मांगने पर ई रिक्शा चालक ने गाली गलौज करते हुए सब्जी विक्रेता के सिर पर बांट मार दिया। जिसके चलते वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। कंट्रोल रूम की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों की मदद से सब्जी विक्रेता का कल्याणपुर सीएससी में इलाज कराया।
इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे घर भेज दिया। शुक्रवार सुबह घर पर ही सब्जी विक्रेता ने दम तोड़ दिया। मामले की जानकारी पर विधायक सुरेंद्र मैथानी, एडीसीपी वेस्ट समेत भारी फोर्स के साथ पहुंचे। घटना से आक्रोशित परिजनाें ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरु कर दिया। मूल रूप से हरचंद खेड़ा थाना नरवल निवासी संजय उर्फ गुड्डू सुरेंद्र नगर में किराए के मकान पर रहकर सब्जी का ठेला लगाता था।
कुछ दिनों पहले इलाके के ईरिक्शा चालक महेश ने शराब पीने के लिए गुड्डू से सौ रुपये उधार लिए थे। गुरुवार रात संजय अपना उधार मांगने महेश के पास पहुंचा। रुपये मांगने पर महेश ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर ठेले पर रखा बांट संजय के सिर पर मार दिया। जिससे संजय मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।
इलाकाई लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजन ई रिक्शा पर संजय को बैठा थाने ले गए। जहां से पुलिस ने उसे कल्याणपुर सीएचसी इलाज के लिए भेज दिया। प्राथमिक उपचार कर डॉक्टरों ने संजय को घर भेज दिया। शुक्रवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। कल्याणपुर एसीपी दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी।