फतेहपुर के विजयीपुर के खंड विकास अधिकारी गोपीनाथ पाठक ने शुक्रवार सुबह प्राथमिक विद्यालय गढ़ा का औचक निरीक्षण किया। वहां सुबह साढ़े नौ बजे ताला बंद था और बच्चे बाहर खड़े थे। बीडीओ ने प्रधानाध्यापक समेत सभी छह शिक्षकों के निलंबन की संस्तुति कर दी है।
प्राथमिक विद्यालय में सुबह नौ बजे से तीन बजे तक कक्षाएं संचालित होने का नियम है। बीडीओ गोपीनाथ पाठक सुबह साढ़े नौ बजे प्राथमिक स्कूल गढ़ा पहुंचे तो वहां ताला बंद था। बगल के उच्च प्राथमिक स्कूल में एक सहायक शिक्षक विजय कटियार अनुपस्थित पाए गए।
नाराज बीडीओ ने प्राथमिक स्कूल के प्रधानाध्यापक समेत सभी छह को निलंबित करने व उच्च प्राथमिक विद्यालय के अनुपस्थित सहायक शिक्षक का वेतन काटने की संस्तुति की है। बीईओ राजीव रंजन का कहना है कि स्कूल में सुशील कुमार प्रधानाध्यापक, प्रवीण कुमार, गौरव कुमार गुप्ता, अभिनव कुमार श्रीवास्तव, शैलेंद्र कुमार मौर्य शिक्षा मित्र, मजहर अली शिक्षा मित्र कार्यरत हैं।
प्रधानाचार्य सुशील कुमार विजयीपुर बीआरसी केंद्र में निष्ठा प्रशिक्षण में गए थे। बीडीओ की निरीक्षण आख्या व संस्तुति अभी उन्हें मिली नहीं हैं। मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।