कानपुर। लीलावती स्टेडियम कुशीनगर में आयोजित सेना कप राज्यस्तरीय टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में बुधवार को केसीए इलेवन ने प्रयागराज मंडल को नौ विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।प्रयागराज मंडल की टीम ने पहले खेलते हुए 15.3 ओवर में 99 रन बनाए।
टीम से मयंक दुबे ने 51 और दीपक यादव ने 13 रन की पारी खेली तो गेंदबाजी में केसीए इलेवन की ओर से युवराज यादव ने चार, आयुष्मान सिंह ने तीन, आदित्य दीक्षित व देवांश ने एक-एक विकेट लिया। वहीं केसीए इलेवन ने 8.1 ओवर में एक विकेट पर 100 रन बनाकर मैच जीता।
जीत में अमन चौहान ने 29 गेंदों पर सात छक्कों व एक चौके की मदद से 50 रन की पारी खेली, बृजेंद्र ने 29 रन बनाए। गेंदबाजी में प्रयागराज मंडल की ओर से एकमात्र विकेट मयंक दुबे ने लिया। अमन चौहान प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। अब फाइनल मैच केसीए इलेवन और वाराणसी मंडल के बीच गुरुवार को खेला जाएगा। यह जानकारी कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव कौशल कुमार सिंह ने दी।