उपद्रवियों पर लगेगा गैंगस्टर, बुलडोजर की कार्रवाई भी
नई सड़क पर बवाल के बाद शुक्रवार देररात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानपुर समेत विभिन्न जिलों के जिलाधिकारी, कप्तानों और मंडलायुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की। बवाल में कानपुर पुलिस की लापरवाही पर मुख्यमंत्री ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। मुख्यमंत्री ने सवाल किया कि जब शहर में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल जैसे वीवीआईपी का आनाजाना लगा था, तो अतिरिक्त सतर्कता क्यों नहीं बरती गई।
सूचना के बाद भी हालात को नियंत्रण करने में हुई देरी पर पुलिस अफसरों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने सभी आरोपियों को पकड़कर गैंगस्टर के तहत कार्रवाई करने और रिकवरी के लिए संपत्तियों का सर्वे कराने के निर्देश दिए। साथ ही सोशल मीडिया के जरिये अफवाह फैलाने वालों पर भी कार्रवाई के लिए कहा। मुख्यमंत्री के तल्ख लहजे से इस बात के संकेत मिले हैं कि जिले के कुछ बड़े अफसरों पर भी गाज गिर सकती है।