महापौर प्रमिला पांडे और विधायक अमिताभ वाजपेयी
- फोटो : सोशल मीडिया
कानपुर में धनकुट्टी के अस्पताल के मलबे को लेकर सपा विधायक अमिताभ वाजपेयी और महापौर प्रमिला पांडेय के बीच सियासी जंग छिड़ गई है। अस्पताल के मलबे को लेकर महापौर ने विधायक को आपत्ति पत्र जारी किया तो विधायक ने वीडियो के जरिये पलटवार किया है।
वीडियो में उन्होंने वर्ष 2017 लेकर अब तक के सारे कागजात दिखाए हैं। विधायक ने कहा कि भाजपाई श्रेय लेने के चक्कर में हैं। लोग इसे बारातशाला बनवाने की कोशिश में थे और मैं अस्पताल बनवा रहा हूं तो कुतर्क किया जा रहा है।
धनकुट्टी अस्पताल 26 साल से बंद था। एक बार यहां के भाजपा पार्षद ने बारातशाला बनवाने का प्रस्ताव भी दिया था। बाद में आर्यनगर से सपा विधायक वाजपेयी ने सदन में मुद्दा उठाया। इसके बाद अस्पताल का काम शुरू हो गया। इसके मलबे के लिए नगर निगम ने टेंडर कर दिया।
विधायक का कहना है कि जिसका टेंडर हुआ, उसने नगर निगम में पैसा जमा कर दिया और मलबा ले जा रहा है। इसमें क्यों किसी को मिर्ची लग रही है। महापौर प्रमिला पांडेय ने इस मामले में विधायक के नाम आपत्ति पत्र भी जारी किया था। शुरुआत वहीं से हुई।