छत्रपति शाहू जी महाराज यूनिवर्सिटी की वार्षिक परीक्षाओं में गड़बड़ी रुक नहीं रही हैं। कभी प्रश्नों का विकल्प कम करने तो कभी बोल बोल कर परीक्षा कराने के मामले सामने आ रहे हैं। गुरुवार को एमएससी की परीक्षा में कुल 80 अंक के पेपर में 88 अंकों के सवाल पूछ लिए गए। परीक्षार्थियों ने ड्यूटी कर रहे शिक्षकों से पूछा तो उनके पास भी इसका जवाब नहीं था।
गुरुवार को एमएससी प्रथम वर्ष के भौतिक विज्ञान का चौथा पेपर था। 80 अंक के पूर्णांक में छात्रों को 14 सवाल हल करने थे। 14 सवाल 80 अंक में विभाजित होने के बजाय 88 अंक में विभाजित थे। अब इसे विवि की लापरवाही कहें या जल्दबाजी न तो परीक्षा सेंटर ने ध्यान दिया और न ही विवि प्रशासन ने।
सेक्शन ए में छात्रों को 10 सवाल करने थे। ये चार अंक के थे। सेक्शन बी और सी में छात्रों को दो-दो सवाल हल करने थे, हर प्रश्न 12 अंक का था। इस प्रकार से 88 अंक का पेपर हुआ जबकि पूर्णांक 80 अंक लिखा था।
मामला मेरे संज्ञान में नहीं आया है। अगर ऐसा हुआ भी है तो छात्र घबराएं नहीं। पेपर सेट करने के दौरान गलती हुई है, तय अंकों पर ही नंबर मिलेंगे। ---परीक्षा नियंत्रक, डॉ. अनिल कुमार यादव