कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह हुए सड़क हादसे में तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी पहचान में जुटी है। जानकारी के अनुसार, बम्बुरिहा गांव निवासी सूर्यभान यादव बुधवार सुबह करीब सात बजे सवारियों को छोड़कर ऑटो से घर लौट रहे थे।
जैसे ही वह सरसौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर पहुंचे। तभी कानपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनके ऑटो में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे पलट गया और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दौरान चालक केबिन में फंस गया। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल सूर्यभान को ऑटो से बाहर निकाला।