सीएसए परिसर स्थित निर्माणाधीन डिपो में मंगलवार को मेट्रो के कॉरिडोर-2 के लिए दूसरी ट्रेन पहुंच गई। सीएसए से बर्रा-8 तक का यह कॉरिडोर 2026 के मध्य तक तैयार होगा और फिर ट्रेनों की टेस्टिंग शुरू होगी। अगले एक सप्ताह में तीसरी ट्रेन के भी पहुंचने की संभावना है।
करीब 40 टन वजनी अत्याधुनिक कोचों को विशेष क्रेनों की सहायता से इसे ट्रैक पर उतारा गया। बता दें कि कॉरिडोर-2 के लिए कुल दस ट्रेनों की आपूर्ति प्रस्तावित है। कानपुर मेट्रो की प्रत्येक ट्रेन में तीन कोच होते हैं। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि कॉरिडोर-1 की सभी 29 मेट्रो ट्रेनें गुरुदेव चौराहा स्थित डिपो में पहुंचने के बाद अब कॉरिडोर-2 की ट्रेनों के आगमन की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। इस क्रम में दूसरी ट्रेन की अनलोडिंग सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है।