फतेहपुर के थाना राधानगर के ग्राम टिसी निवासी विनोद कुमार (32) खेती करते थे। परिवार में पत्नी सपना, बेटी सृष्टि (2) व शैलेंद्र (3 माह) हैं। बड़े भाई राजन ने बताया कि सोमवार सुबह नौ बजे विनोद दवा लेने के लिए रोडवेज बस से कार्डियोलॉजी गया था। रोडवेज बस में रामादेवी के पास से उसकी हालत बिगड़नी शुरू हुई। खिड़की की ओर बैठा विनोद बेहोश हो गया। चालक ने झकरकटी बस अड्डे पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उसे उर्सला अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन सर्दी लगने से मौत की बात कह रहे हैं जबकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने से विसरा सुरक्षित किया गया है।