कानपुर के पनकी में पांडु नदी के किनारे एक फैक्टरी में बंधक बनाकर युवक से लूटपाट करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने पनकी इंडस्ट्रियल एरिया में मुठभेड़ के दौरान धर दबोचा। दोनों ने पीड़ित युवक को गे एप के जरिये बुलाया और लूटपाट कर फरार हो गए थे। मुठभेड़ के दौरान दोनों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों घायल बदमाशों को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा है।
पनकी थाना प्रभारी मानवेंद्र सिंह ने बताया कि कानपुर देहात के शट्टी बहेरापुर गांव निवासी सुदीप कटियार छह अगस्त को कैंसर पीड़ित बहन कुसुमा को देखने की बात कहकर बर्रा आया था। शुरू में पता चला कि उसे बसंत पेट्रोल पंप के पास पल्सर सवार युवक ने भौंती बाईपास तक छोड़ने की बात कहकर बाइक पर बैठा लिया और पनकी के इस्पातनगर में पांडु नदी के किनारे एक फैक्टरी में लाकर बंधक बनाकर नकदी व चेन, अंगूठी लूट ली थी। साथ ही ऑनलाइन पांच हजार रुपये भी खाते में डलवाए।
हालांकि आगे की जांच में पता चला कि एक गे एप के जरिये वह लुटेरों के संपर्क में आ गया था। लुटेरों ने गे एप के जरिये चैटिंग कर उसे झासे में लिया और फिर लूट लिया। बताया कि रविवार देर रात सटीक सूचना पर बदमाशों को पकड़ने के लिए पनकी इंडस्ट्रियल एरिया में घेराबंदी की गई। पुलिस को देखने ही बदमाशों में पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे सड़क पर गिर गए। दोनों की पहचान फतेहपुर के जाफरगंज निवासी तिलक सिंह उर्फ टिंकू और गुजैनी के पिपौरी गांव निवासी मुस्तकीम के रूप में हुई है। टिंकू वर्तमान में नौबस्ता के बौद्धनगर में रहता है। आरोपियों के पास से चोरी की बाइक, दो तमंचे और कारतूस बरामद हुए हैं। सोमवार को दोनों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।