कानपुर शहर के बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था का कड़वा अनुभव राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को भी मिला। कानपुर देहात से वापस लौटने के बाद रविवार शाम जब उनका काफिला सिविल एरोड्रम से सर्किट हाउस रवाना हुआ तो ट्रैफिक पुलिस की चूक से गलत दिशा में चला गया। ये देख पुलिस अफसरों के हाथ पैर फूल गए। आनन-फानन में आगे का रास्ता खुलवाया गया लेकिन इसमें कुछ समय लग गया।
इस दौरान राष्ट्रपति को भी जाम का सामना करना पड़ा। राष्ट्रपति के काफिले को पुलिसकर्मी बमुश्किल वहां से निकला सके। कानपुर देहात से राष्ट्रपति हेलकॉप्टर से सिविल एरोड्रम पहुंचे। यहां से उनकी फ्लीट सर्किट हाउस के लिए रवाना हुई। कैंट में 10 नंबर कैंटीन चौराहे के पास से फ्लीट को एयरफोर्स अस्पताल की ओर होते हुए सर्किट हाउस पहुंचना था लेकिन ट्रैफिक कंट्रोल करने वालों से बड़ी चूक हुई।
इस वजह से राष्ट्रपति का काफिला पंडित होटल की तरफ चला गया। जब पुलिस अफसरों ने इसको समझा तब तक देर हो चुकी थी। आनन-फानन में फ्लीट को छावनी थाने के सामने से सर्किट हाउस की तरफ रवाना किया गया। चूंकि यहां पर राष्ट्रपति के काफिले की वजह से ट्रैफिक को रोका गया तो उसी ट्रैफिक में ये काफिला भी फंस गया। पुलिस ने आनन-फानन में किसी तरह से ट्रैफिक को वहां से आगे बढ़ाया। तब जाकर राष्ट्रपति का काफिला यहां से बाहर निकल पाया। कुछ देर के लिए पूरा काफिला जाम में फंसा रहा।