कानपुर के पनकी में 12 जुलाई को हुई डंपर चालक की हत्या का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर क्लीनर को गिरफ्तार कर जेल भेजा। बहन पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर क्लीनर ने वारदात को अंजाम दिया था। वारदात का राजफाश करने पर डीसीपी पश्चिम ने पनकी पुलिस को दस हजार रुपये का इनाम दिया है।
पनकी में मोठ, झांसी निवासी डंपर चालक जयपाल की हत्या हुई थी। उसका शव उसी के डंपर में खून से सना मिला था। पनकी इंस्पेक्टर दधिबल तिवारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला था कि जयपाल के सिर पर भारी वस्तु से प्रहार कर मौत के घाट उतारा गया है।
इसी आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू की गई। सर्विलांस की मदद से पुलिस ने रविवार को मोठ झांसी निवासी रवि उर्फ रविकांत अहिरवार को गिरफ्तार किया। रवि जयपाल के डंपर पर क्लीनर था। पूछताछ में रवि ने बताया कि 12 जुलाई की रात को उसने जयपाल के साथ नवाबगंज में शराब पी।
उसके बाद पनकी चले गए। यहां पर बातचीत के दौरान कुछ विवाद हुआ। इस दौरान जयपाल ने उसकी बहन के बारे में अपशब्द कहे। इसी से खुन्नस खाकर रवि ने डंपर में रखे व्हील पाना से जयपाल के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए थे। जिससे जयपाल की मौत हो गई थी। डीसीपी पश्चिम संजीव त्यागी ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है। पनकी पुलिस को गुडवर्क के लिए इनाम दिया गया है।