कानपुर के श्याम नगर की रीमा छाबड़ा अपनी सास रीता छाबड़ा के मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए बीते आठ महीने से कलक्ट्रेट और नगर निगम के बीच चक्कर लगा रही थीं। शुक्रवार को वे फिर से कलक्ट्रेट पहुंचीं। नए डीएम विशाख जी अय्यर को समस्या बताई। डीएम ने देखा कि आवेदन 21 जनवरी 2021 को हुआ है।
अभी तक प्रमाण पत्र न मिलने पर आसपास बैठे अफसरों की ओर हैरानी भरी नजर से देखा। फिर महिला से कहाकि वे बाहर इंतजार करें, प्रमाण पत्र की प्रक्रिया आज ही पूरी होगी। इसके बाद कर्मचारी को बुलाकर निर्देश दिया कि प्रमाण पत्र बनने में आ रही बाधा आज ही दूर होनी है। बिना काम हुए महिला घर नहीं जाएगी।
इस पूरी बातचीत में मात्र दो मिनट खर्च हुए। इसके बाद आनन फानन में पोर्टल पर डाटा अपलोड किया गया और अवगत कराया गया कि काम हो गया है। उन्हें सात दिन बाद नगर निगम से प्रमाण पत्र मिल जाएगा। इस तरह से आठ महीने से भटक रही महिला ने राहत भरी सांस ली।
इसी तरह के अन्य मामले में लखनपुर निवासी पुष्पा श्रीवास्तव के पति ने बताया कि पड़ोसी रास्ते को संकरा करके 12 फीड रोड पर निर्माण कर रहा है। कई बार प्रार्थना पत्र दे चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इस पर उन्होंने डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस से मिलकर समस्या के समाधान का रास्ता सुझाया। फरियादी जब जाने लगा तो रोक कर कहा आठ दिन में काम न हो तो यही चिट्ठी उन्हें फिर से दिखाएं आकर। इस पर फरियादी ने राहत महसूस की।