कानपुर के नए जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर ने गुरुवार को पदभार संभाल लिया। उन्होंने शहर को और बेहतर, और सुंदर करने की मंशा जाहिर की है। कहा कि ट्रैफिक और ट्रांसपोर्ट की व्यवस्थाएं सुधारी जाएंगी। ट्रैफिक के लिए स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत काम कराया जाएगा।
बेहतर ट्रांसपोर्ट के लिए कानपुर मेट्रो और एयरपोर्ट टर्मिनल की नई बिल्डिंग का निर्माण प्राथमिकता और समय पर कराना है। एयरपोर्ट टर्मिनल की नई बिल्डिंग निर्माण के लिए वे एक महीना पहले शहर आए भी थे। जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर निस्तारण हम सभी की प्राथमिकताओं में रहेगा।
शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की सघन मॉनीटरिंग होगी ताकि घपले घोटाले न हो सकें। योजना का लाभ आखिरी व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा। बीमारियों से निपटने के लिए बेहतर कार्ययोजना तैयार की जाएगी। कुरसौली में फैली बीमारी संज्ञान में है।
इस मसले पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार से आते ही बात की थी। वहां जरूरी संसाधनों के इंतजाम करने को कहा है। हालांकि वहां पहले से ही काम चल रहा है। इसके अलावा सीजनल बुखार से निपटने व अन्य तरह की स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा कर उन्हें दुरुस्त कराया जाएगा।
अपने डीएम को जानें
जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर इडुक्की, केरल के मूल निवासी हैं। बीटेक करने के बाद वर्ष 2011 में आईएएस बने। वाराणसी, फर्रुखाबाद और मेरठ में सीडीओ और चित्रकूट व हमीरपुर में जिलाधिकारी रहे। इससे पहले लखनऊ में मुख्यमंत्री के विशेष सचिव के पद पर थी। इनकी पत्नी अपूर्वा द्विवेदी फतेहपुर की डीएम हैं।