कानपुर में नगर निगम ने लगातार 170 घंटे सफाई अभियान चलाने का रिकॉर्ड गांधी जयंती पर बना लिया है। नया रिकॉर्ड बनने पर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड की तरफ से महापौर और नगर आयुक्त को प्रमाणपत्र भी दिया गया। इस टीम में शामिल अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया।
हालांकि जिन 25 से ज्यादा मोहल्लों की सड़कों पर सफाई की गई, वहां गंदगी पड़ी नजर आई। नगर निगम ने 25 सितंबर की सुबह आठ बजे परमट से 170 घंटे के अखंड महा सफाई उत्सव शुरू किया था। नगर निगम के 850 सफाई कर्मियों और निकुंज एजुकेशन सोसाइटी टीम के 30 सदस्यों ने सिविल लाइंस, माल रोड, नवाबगंज, विकास नगर, कल्याणपुर, काकादेव, विजय नगर, कालपी रोड, गोविवंद नगर, दबौली, बर्रा, किदवई नगर, यशोदा नगर, कृष्णा नगर, चकेरी, श्याम नगर, घंटाघर, नई सड़क, दलेलपुरवा, रायपुरवा, अस्सी फीट रोड, मोतीझील होते हुए नगर निगम मुख्यालय तक झाड़ू लगाकर कूड़ा उठाया।
अभियान का समापन शनिवार सुबह 10 बजे नगर निगम मुख्यालय में हुआ। इस मौके पर इंडिया बुक रिकॉर्ड के जज एस दास ने महा सफाई उत्सव की सराहना करते हुए अस्थायी प्रमाण पत्र दिया। बताया कि जांच के बाद इंडिया बुक रिकॉर्ड स्थायी प्रमाण पत्र देगा।
उन्होंने बताया कि 167 घंटे सफाई का रिकॉर्ड नगर निगम मेरठ का है। समापन अवसर पर महापौर प्रमिला पांडेय, नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन, अपर नगर आयुक्त प्रथम भानू प्रताप सिंह, अपर नगर आयुक्त द्वितीय अरविंद राय, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय संखवार, डॉ. अमित सिंह गौर, रबिश डिपो इंचार्ज रफजुल रहमान आदि उपस्थित थे।