कानपुर में नवाबगंज के ख्योरा निवासी गोविंद हत्याकांड की जांच में जुटी पुलिस आरोपियों को कस्टडी रिमांड पर लेने के साथ ही गोल्ड लोन फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखे जेवर भी छुड़ाएगी। इसके लिए पुलिस सोमवार को कोर्ट में आवेदन करेगी। वहीं, गोविंद के परिजनों ने एसीपी स्वरूपनगर से मिलकर आरोपियों को कस्टडी रिमांड पर लेने के बाद उनसे सामना कराने की मांग की। वे आरोपियों से मिलकर पूछेंगे कि मेरे बेटे की हत्या क्यों की।
बता दें कि गोविंद हत्याकांड में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। जांच में सामने आया कि आरोपी आदित्य और सौरभ ने लूट के अंगूठी और चेन को विकास नगर स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन कंपनी में 90 दिन के लिए 50 हजार रुपये में गिरवी रखा था। पुलिस ने फाइनेंस कंपनी पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज चेक किए थे। सोमवार को कंपनी की ओर से फुटेज मुहैया कराए जाएंगे।