रेलवे ने दो ट्रेनों का ठहराव कानपुर सेंट्रल की जगह गोविंदपुरी पर करने का निर्णय लिया है। रेलवे के मुताबिक अब छपरा-लोकमान्य तिलक टर्मिनल और वाराणसी-इंदौर महाकाल एक्सप्रेस का ठहराव कानपुर सेंट्रल की जगह गोविंदपुरी स्टेशन पर होगा।
रेलवे ने कानपुर सेंट्रल से होकर गुजरने वाली दो जोड़ी ट्रेनों का ठहराव सेंट्रल पर खत्म कर गोविंदपुरी स्टेशन पर देने का फैसला लिया है। काशी-इंदौर के बीच चलने वाली महाकाल एक्सप्रेस 30 अक्तूबर से और छपरा-एलटीटी एक्सप्रेस एक नवंबर से गोविंदपुरी स्टेशन पर रुकने लगेगी।
विज्ञापन
ट्रेन नंबर 15101 छपरा-एलटीटी एक्सप्रेस गोविंदपुरी में बुधवार के 8:05 बजे आएगी और पांच मिनट बाद रवाना होगी। वापसी में ट्रेन नंबर 15102 एलटीटी-छपरा एक्सप्रेस शुक्रवार को गोविंदपुरी पर दोपहर 2:55 बजे आकर पांच मिनट बाद छपरा के लिए रवाना होगी।
वहीं, ट्रेन नंबर 20415 वाराणसी-इंदौर महाकाल एक्सप्रेस रविवार को रात 8:40 बजे आएगी और 8:45 बजे जाएगी। वापसी में ट्रेन नंबर 20416 इंदौर-वाराणसी महाकाल एक्सप्रेस गोविंदपुरी में सोमवार को रात 10:25 बजे आकर 10:30 बजे रवाना होगी। यह जानकारी एनसीआर के सीपीआरओ डॉ. शिवम शर्मा ने दी।