कानपुर में किदवईनगर के बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा के लॉकर से आटोमोबाइल कारोबारी अजय कुमार गुप्ता ने 20 लाख के गहने गायब होने का आरोप लगाया है। बुधवार को जेवरात निकालने पहुंचे दंपती ने लॉकर खाली पाकर बैंक कर्मियों को दोषी ठहराते हुए नौबस्ता थाने में तहरीर दी है।
बर्रा तात्याटोनगर निवासी अजय कुमार के अनुसार उनका बीओबी में 20 साल पुराना खाता है। चार अगस्त को उन्होंने पत्नी क्रीति के साथ बैंक में लॉकर नंबर 450 लिया था। चार सितंबर को आखिरी बार खोला था। इसमें उनके व परिवार के अन्य सदस्यों के गहने रखे थे।
मंगलवार को वह लॉकर से जेवर निकलने पहुंचे थे, लेकिन लॉकर नहीं खुला था। बुधवार को एक्सपर्ट और बैंक अफसरों की मौजूदगी में उनके सामने जब लॉक तोड़ा गया तो लॉकर खाली था। आरोप लगाया कि करीब 20 लाख के जेवर रखे थे।
थानाप्रभारी सतीश कुमार सिंह ने बताया कि बैंक कर्मियों के खिलाफ तहरीर मिली है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं पीड़ित के अनुसार बैंक के लॉकर रूम के अंदर कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं है। सिर्फ लॉकर रूम के गेट पर ही लगा है।
बैंक रिकार्ड के मुताबिक चार सितंबर को दंपती ने लॉकर ऑपरेट किया था। लॉकर को उसके धारक के अलावा कोई अन्य ऑपरेट नहीं कर सकता। लॉकर खोलने के लिए बैंक और धारक दोनों की चाभियां लगती हैं, लेकिन लॉक करने के लिए महज धारक की चाभी का ही इस्तेमाल होता है। फिलहाल लॉकर धारक अथवा पुलिस द्वारा जांच में जो हमसे मदद मांगी जाएगी। उसे पूरा किया जाएगा।
पीएस मिश्रा, बैंक मैनेजर