कानपुर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कानपुर महानगर कांग्रेस द्वारा आयोजित परंपरागत जुलूस और जनसभा में हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। महानगर अध्यक्ष और कार्यक्रम संयोजक पवन गुप्ता की अगुआई में तिलक हॉल से जुलूस की शुरुआत हुई।
कई बैंड, ट्रॉलियों और झांकियों के साथ हजारों कार्यकर्ता जुलूस में शामिल हुए। नयागंज पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय भी जुलूस में शामिल हो गए। वे कुछ दूर पैदल चले और फिर रथ पर बैठकर फूलबाग स्थित जनसभा स्थल तक पहुंचे। जुलूस के दौरान भारत माता की जय और वोट चोर गद्दी छोड़ जैसे नारे लगाए गए। कार्यकर्ताओं ने स्वतंत्रता आंदोलन के नायकों को नमन किया।