कानपुर के बिधनू हाजीपुर गांव के बाहर खेत में सो रहे बुजुर्ग किसान विजय मिश्रा की नृशंस हत्या गांव में ही रहने वाली युवती ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की थी। प्रेमी जोड़े को पूर्व में आपत्तिजनक हालत में देख कर बुजुर्ग ने इसका फायदा उठा कर युवती को ब्लैकमेल कर शोषण करना शुरू कर दिया था। इसी से तंग आकर युवती ने प्रेमी के साथ बुजुर्ग की हत्या की साजिश रची।
मंगलवार रात मौका मिलते ही घटना को अंजाम देकर दोनों फरार हो गए थे। पुलिस ने हत्यारोपी प्रेमी-प्रेमिका को हिरासत में ले लिया है। मटियारा गांव निवासी विजय मिश्रा उर्फ बब्बू (62) की दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी की शादी गांव से करीब चार किमी दूर स्थित हाजीपुर गांव के रहने वाले दिव्यांग कौशल किशोर से की थी। कौशल किशोर के माता पिता का देहांत होने के बाद उनकी करीब 18 बीघे खेती की देखरेख की जिम्मेदारी विजय मिश्रा उठाने लगे। वह अक्सर खेतों की देखरेख के लिए वहीं सोते थे।
बुधवार सुबह उनका रक्तरंजित शव खेत में पड़ा मिला था। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की तो पता चला कि बुजुर्ग अपनी बेटी की ससुराल के पीछे ही रहने वाली पूजा दीक्षित (28) का कई महीनों से शोषण कर रहा था। इसी से तंग आकर युवती ने अपने प्रेमी गांव निवासी ट्रैक्टर चालक सोनू राजपूत के साथ मिलकर बुजुर्ग की हत्या कर दी। इस पर पुलिस ने युवती और उसके प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की तो हत्या का खुलासा हो गया।
प्रेमी के साथ गई थी बुजुर्ग से मिलने, मौका पाते ही कर दी हत्या
हत्यारोपियों ने पुलिस को बताया कि बुजुर्ग आए दिन युवती को मिलने के लिए खेत में बुलाता था। इससे तंग आकर उसने अपने प्रेमी को आपबीती बता कर बुजुर्ग की हत्या की साजिश रची। मंगलवार की रात पूजा सोनू के साथ विजय से मिलने पहुंची। सोनू अंधेरे का फायदा उठाकर खेत में छिप गया।