डेरापुर सीएचसी में जानकारी लेते डिप्टी सीएमओ। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
डेरापुर। सीएचसी में लगने वाले स्वास्थ्य मेले की तैयारियों का डिप्टी सीएमओ ने मंगलवार को निरीक्षण किया। यहां चिकित्साधीक्षक के साथ बैठक कर रूपरेखा बनाई। वहीं, मेले को लेकर डिजिटल मशीनों के संचालन में टेक्नीशियन व आपरेटर व्यस्त रहे। सीएचसी में चार माह बाद एक्सरे की सुविधा भी शुरू की गई।
डेरापुर सीएचसी परिसर में बुधवार को स्वास्थ्य मेले का उद्घाटन इटावा सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया करेंगे। इसकी तैयारियों का निरीक्षण करने मंगलवार को डिप्टी सीएमओ डॉ. एपी वर्मा सीएचसी पहुंचे।
वहीं स्वास्थ्य कर्मी दिन भर सफाई व व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में लगे रहे। लैब टेक्नीशियन अमित गौतम व ज्ञान प्रताप सीबीसी मशीन की मरम्मत में व्यस्त रहे। लैब टेक्नीशियन अमित गौतम ने बताया कि वर्तमान समय में शुगर, किडनी, लीवर, ब्लड इंफेक्शन, टीवी, कैंसर, यूरिन से प्रोटीन की जांच, सोडियम व पोटैशियम जांच समेत ऑपरेशन के दौरान ब्लड का थक्का जमने की मशीन उपलब्ध हैं।
लैब में कम जगह होने से बीटी-सीटी मशीन अभी संचालित नहीं हो पाई है। सीएचसी की खराब चल रही एक्स-रे मशीन चार माह बाद मंगलवार को ठीक हो सकी। इससे मरीजों का एक्स-रे किया गया। चिकित्साधीक्षक डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र पर उपलब्ध सभी मशीनों का मेले के दौरान प्रयोग किया जाएगा।