कानपुर देहात। महाशिवरात्रि पर मंगलवार को जिले के शिवालयों में दिनभर बम-बम भोले के जयकारे लगते रहे। भोलेनाथ का भक्तों ने दूध व जल से अभिषेक कर पुष्प, भांग, धतूरा, बेलपत्र चढ़ाकर पूजन किया।
बनीपारा के वाणेश्वर मंदिर, रसूलाबाद के धर्मगढ़ बाबा मंदिर, नबीपुर के झाड़ी बाबा समेत समेत अन्य शिवालयों में भारी भीड़ रही। इस दौरान सुरक्षा के लिए पुलिस बल मुस्तैद रहा।
नबीपुर स्थित झाड़ी बाबा मंदिर में सुबह से ही भक्त पूजन के लिए पहुंचने लगे थे। परिसर में मेला लगा था। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रहा। अकबरपुर के नर्मदेश्रर व नयागंज के शिव मंदिर में भी भीड़ उमड़ी।
वहीं रसूलाबाद के श्रीधर्मगढ़ बाबा मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों की लंबी लाइन लगी रही। परिसर के पुरानी रामलीला मैदान में झांकी सजाई गई और फूलों की होली हुई।
इसी तरह जमदग्नि ऋषि आश्रम जोत, संगमेश्वर महादेव मंदिर खेड़ा कुर्सी, द्रोणेश्वर महादेव मंदिर असालतगंज, महाकालेश्वर मंदिर भीखदेव, नारदाश्रम धाम नार खास, शिवधाम उसरी, बराही देवी मंदिर कठारा सहित अन्य स्थानों में भी महाशिवरात्रि पर पूजन अर्चन किया गया।
राजपुर के शीतला माता मंदिर सहित कई मंदिरों में भक्तों ने जलाभिषेक कर खुशहाली मांगी और शोभायात्रा निकाली गई। कस्बा स्थित प्रजापति ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय में सुबह संस्था प्रमुख वीके विमलेश ने शिवध्वज फहराया। बैरी सवाई स्थित महाकालेश्वर मंदिर व शिवली के ओंकारेश्वर मंदिर में रुद्राभिषेक हुआ।
कल्यानपुर रोड पर बड़े बाबा स्थान पर प्रसाद वितरण हुआ। शोभन के नर्मदेश्वर, कडऱी के भागवतेश्वर मंदिर, बाघपुर के योगेश्वर, शिवली के साकेतधाम, महाकालेश्वर मंदिर, मानसिला मंदिर व औनहां के पंचवटी, कुढ़वा के झारखंडेश्वर, सुजानपुर सुकताल धाम में शिवरात्रि पर विशेष पूजन हुआ।
लालपुर शिवराजपुर गांव में मंदिर में मंगलगीतों के बीच कलशयात्रा निकाली गई। औनहां के मंदिर में रामचरित मानस के अखंड पाठ के समापन पर प्रसाद वितरण हुआ। सिकंदरा के करीमनगर गांव के भूमेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि पर कथा व्यास शिवम द्विवेदी ने श्रीमद्भागवत कथा सुनाई।
भक्तों ने मंदिर में जलाभिषेक कर पूजन-अर्चना किया। महिलाओं ने मेला परिसर में लगी दुकानों पर जमकर खरीदारी की और बच्चों ने झूले का लुफ्त उठाया।
संदलपुर के तेरा गांव में ऊ: नम: शिवाय संकीर्तन हुआ। बुधवार को देवभोग व प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया है। इस मौके पर ऋषि मिश्रा, डॉ. लक्ष्मी नरायण मिश्रा, प्रधानाचार्य शिवचंद्र नाथ मिश्रा मौजूद रहे।