रूरा। झींझक-रूरा मार्ग पर गेंदामऊ गांव के पास मंगलवार दोपहर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था।
आंबेडकर नगर निवासी अमित यादव (35) बीमार गाय के लिए डॉक्टर लेने मंगलवार को बाइक से मुंडेरा विक्रम सिंह गांव जा रहा था। गेंदामऊ के निकट पहुंचने पर अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इसके बाद वाहन लेकर चालक फरार हो गया।
घटना की जानकारी पाकर चचेरा भाई पंकज यादव मौके पर पहुंचा और उसे जिला अस्पताल ले गया। वहां डॉ. निशांत पाठक ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं एकलौते भाई की मौत पर शादीशुदा तीनों बहनें दुखी हो गई। दादा महावीर यादव रोने लगे। थाना प्रभारी अनूप कुमार निगम ने बताया कि शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है।