घटना की शिकायत करने पर थाना पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा था। प्रदीप के मुताबिक थाना पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई करने की जगह उस पर दबाव बनाकर बुधवार को समझौता करा दिया था। इसके बाद गुरुवार को ठेकेदार ने उसके भाइयों के साथ झगड़ा किया।
शुक्रवार को भाई दीपक नायक (26) को गांव के बाहर पीट दिया। मौके पर मौजूद छोटे भाई संदीप ने उसे घटना की जानकारी दी। प्रदीप ने बताया कि दोपहर करीब तीन बजे वह मौके पर पहुंचा तो दीपक का शव आम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। उसने आसपास के लोगों की मदद से शव को फंदे से उतारा।
यहां परिजनों ने ठेकेदार और उसके भाइयों पर दीपक की हत्या कर शव फंदे से लटकाने का आरोप लगा हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर सीओ शिवा ठाकुर और थानेदार मौके पर पहुंचे। पुलिस की ओर से जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कोशिश करने पर परिजन भड़क गए।
इस दौरान आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी करने और एसपी को मौके पर बुलाने की मांग की। गांव के प्रधान राम प्रकाश ने बताया कि दीपक उनका चचेरा भाई था। थाना प्रभारी संजेश कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।