दुघर्टना के बाद ट्रक के नीचे फंसी स्कूटी। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
रनियां (कानपुर देहात)। विसायकपुर में बुधवार दोपहर कानपुर-अकबरपुर हाईवे पर दो बाइकों को टक्कर मारते हुए तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी को रौंद दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया है।
कानपुर के यशोदा नगर निवासी योगेंद्र सिंह (45) सरवनखेड़ा पीएचसी में संविदा लैब सुपरवाइजर के पद पर तैनात थे। बुधवार दोपहर में वह स्कूटी से रनियां आए थे। काम निपटने के बाद वह पीएचसी जा रहे थे। इसी दौरान कानपुर से आ रहा ट्रक विसायकपुर में अचानक अनियंत्रित हो गया।
ट्रक ने सर्विस लेन पर खड़ी दो बाइकों को टक्कर मारते हुए स्कूटी सवार योगेंद्र सिंह को रौंद दिया। इस दौरान स्कूटी ट्रक के नीचे फंसकर कुछ दूरी तक घिसटती रही। इसके बाद ट्रक का एक पहिया हाईवे के नाले में घुस गया। हादसे में योगेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, ट्रक चालक को हिरासत में लिया है। इधर अनहोनी की खबर मिलने पर पत्नी केतकी, बेटी गौरी, बेटा लव और कुश बिलख पड़े। रनियां चौकी इंचार्ज रजनीश कुमार ने बताया कि मृतक के पास से मिले फोन के जरिये उसकी पहचान हुई। परिजनों को अवगत कराया गया है।