कानपुर देहात में रसूलाबाद क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने दो युवकों पर नौकरी दिलाने के बहाने नोएडा लेकर जबरन शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाते हुए एसपी को अर्जी दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला ने एसपी को बताया की भैसायां गांव निवासी एक युवक उसे इसी साल 12 मार्च को नोएडा में नौकरी दिलवाने की बात कहकर साथ ले गया था।
वहां युवक व उसके दोस्त ने उसे धमका कर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। दोनों युवक उसे धमका कर शारीरिक संबंध बनाते रहे। उसके 20 हजार रुपये, झुमकी व पायल भी आरोपियों ने हड़प कर लिए। वह किसी प्रकार आरोपियों के चंगुल से छूटकर बच्चों समेत अपने घर आई और पति को आपबीती बताई। इस पर उसने पति के साथ 24 मार्च को थाने में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। तब उसने एसपी को अर्जी देकर न्याय की गुहार लगाई है। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जानकारी मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।