हादसे के बाद मौके पर पलटा पड़ा ट्रैक्टर व मौजूद लोग। संवाद
- फोटो : PUKHRAYAN
मूसानगर। पथार गांव में खेत जोतकर शनिवार रात घर लौटते समय मूसानगर में मुगल रोड पर नगीना मोड़ के पास अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर पलट गया। हादसे में पथार गांव निवासी किसान की मौत हो गई। अनहोनी पर परिजन बिलख पड़े। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जांच की।
पथार गांव निवासी कालीचरन ने बताया कि बेटा खुशीराम (32) शनिवार को खेत की जुताई करने गया था। रात में ट्रैक्टर लेकर घर लौट रहा था। नगीना मोड़ मुगल रोड पर मुड़ते ही अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इसके नीचे बेटा खुशीराम दब गया।
आसपास मौजूद लोगों ने ट्रैक्टर सीधा कर उसे बाहर निकाला और इलाज के लिए पुखरायां सीएचसी ले गए। जहां डॉ. अनूप सचान ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जांच की।
उप निरीक्षक शशिकांत यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। किसीन की मौत से पत्नी यशोदा, पुत्र अविनाश और पुत्री गुड़िया सहित अन्य परिजन बिलख पड़े।