गोशाला का निरीक्षण करते एसडीएम व डिप्टी सीवीओ। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
रसूलाबाद। असालगंज गोशाला में रविवार को तीन मवेशियों की मौत हो गई। यहां 15 मवेशी बीमार हैं। इनका पशु चिकित्सक इलाज कर रहे हैं। इसी तरह पाल नगर की गोशाल में दो मवेशी बीमार है। स्थानीय लोगों के अनुसार गोशाला में अव्यवस्थाओं की भरमार है। पर्याप्त चारा नहीं मिलने से मवेशी कमजोर हो रहे हैं। वहीं, जिम्मेदार इस ओर ध्यान नहीं देते हैं।
असालगंज गोशाला में रविवार को तीन मवेशियों की मौत हो गई। इनमें दो के शवों का पशु चिकित्सक शिव सागर कुशवाहा ने पोस्टमार्टम किया। एक मवेशी के शव का सोमवार को पोस्टमार्टम होगा। चिकित्सक ने मवेशियों की मौत की वजह कमजोरी बताई है।
इस गोशाला में शुक्रवार को भी एक मवेशी की मौत हो गई थी। यहां 15 मवेशी अभी बीमार हैं, जिनका चिकित्सक की देखरेख में इलाज चल रहा है। पंचायत सचिव दिनेश सोनकर ने बताया कि गोशाला में 325 गोवंश संरक्षित हैं।
असालगंज निवासी राम किशोर, अजीत और सुरेंद्र आदि ने बताया कि गोशाला में काफी संख्या में मवेशी बंद हैं। यहां मवेशियों को पर्याप्त हरा चारा नहीं मिलने से वह लगातार कमजोर हो रहे हैं।
इधर, पाल नगर की गोशाला में भी दो मवेशी के बीमार होने की बात सामने आई है। गोशाला के केयरटेकर संजय ने बताया कि यहां 157 मवेशी संरक्षित है। इनमें बीमार मवेशियों का इलाज पशु चिकित्सक कर रहे हैं। यहां पर मवेशियों को ठंड से बचाने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं।
ग्राम विकास अधिकारी ऊदन सिंह ने बताया कि जल्द मवेशियों को ठंड से बचाने के लिए तिरपाल लगवाए जाएंगे। ग्राम प्रधान को रात में गोशाला में अलाव जलवाने के भी निर्देश दिए है।