मृतक संध्या का फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
सरवनखेड़ा। गजनेर के टुर्रा गांव में मंगलवार की सुबह एक विवाहिता का शव घर में संदिग्ध हालात में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, मायके पक्ष ने ससुरालवालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है।
टुर्रा गांव निवासी जसवंत की दो साल पहले संध्या (20) से शादी हुई थी। जसवंत वर्तमान में सूरत में प्राइवेट नौकरी कर रहा है, वहीं संध्या ससुराल में सास-ससुर के साथ रहती थी। सोमवार रात खाना खाकर संध्या आठ माह की बेटी के साथ कमरे में सोने चली गई।
मंगलवार सुबह कमरे का दरवाजा न खुलने व मासूम के रोने पर सास ने कई आवाज लगाई पर कोई उत्तर नहीं मिला। इस पर खिड़की से झांककर देखा तो संध्या का शव फांसी से लटका दिखा। शोर मचाने पर पड़ोसी एकत्र हो गए। काफी मशक्कत के बाद दरवाजा तोड़कर शव फंदे से उतारा गया।
ससुर रामबाबू ने सूचना यूपी 112 पुलिस को दी। इसकी जानकारी पर गजनेर पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं, सूचना पर संध्या के मायके जहांगीरपुर घाटमपुर से परिजन भी पहुंचे। परिजनों ने ससुरालवालों पर दहेज के लिए बेटी की हत्या का आरोप लगाया।
गांव में चर्चा रही कि मृतका के कमरे में पुलिस को सुसाइड नोट मिला है। इसमें पति से बेटी की देखभाल ठीक से करने की बात लिखी है। वहीं, पुलिस सुसाइड नोट मिलने से इनकार करती रही। थानाध्यक्ष शिव प्रकाश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के अनुसार रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।