आंट गांव में चोरी के बाद बिखरे सामान की जांच करती पुलिस। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
रनियां (कानपुर देहात)। अकबरपुर के आंट गांव में सोमवार की रात चोरों ने मकान की दीवार में सेंध लगाकर घर में रखे छह लाख रुपये नकद व जेवर समेत करीब 40 लाख रुपये का सामान पार कर दिया। सूचना पर पहुंचे सीओ और कोतवाली प्रभारी ने घटनास्थल की जांच की। दूध व्यापारी ने कुछ लोगों पर शक जताते हुए थाने में तहरीर दी है।
आंट गांव निवासी नीतू त्रिवेदी दूध व्यापारी है। उनका छोटा भाई प्रदीप फौज में नौकरी करता है। नीतू ने बताया कि सोमवार की रात परिवार के साथ खाना खाने के बाद पिता मोहन त्रिवेदी व मां ओमकांती घर के बाहर सोने चले गए। वह पत्नी प्रिया के साथ मकान की छत पर सोने चले गए।
छोटा भाई मोहित पत्नी नारायणी के साथ कमरे में सो गया। मंगलवार की सुबह साढ़े चार बजे वह जानवरों को चारा देने के लिए उठे और भूसे के कमरे में गए तो वहां दीवार में सेंध लगी दिखी। इसके बाद कमरे में गए तो बक्से व सूटकेस गायब थे। खोजबीन में यह खेत में पड़े मिले।
सूटकेस से छह लाख रुपयेे व जेवर गायब थे। सूचना पर सीओ प्रभात कुमार, कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार शुक्ला ने फोरेंसिक टीम के साथ जांच की। नीतू त्रिवेदी ने पुलिस को करीब 40 लाख रुपये का सामान चोरी होनी की जानकारी दी।
कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि नीतू ने पचहरे, भाऊपुर और आंट गांव निवासी कुछ लोगों पर चोरी का संदेह जताते हुए तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है।