संदलपुर (कानपुर देहात)। संदलपुर ब्लॉक की छह ग्राम पंचायतों में बिना कार्य के ही ब्लॉक प्रमुख व उनकी पत्नी की फर्म को सचिव और लेखाधिकारी ने 28 लाख रुपये से ज्यादा का भुगतान करा दिया। फर्जीवाड़े का खुलासा होने के बाद दोनों फर्म से रुपये की वसूली की गई है। वहीं, जिम्मेदारों से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
संदलपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत हथूमा, अमौली, अंतापुर, जसापुर, नैपलापुर और मोहम्मदपुर सुलतानपुर में बिना विकास कार्य कराए ही सचिव और लेखाधिकारी ने 28,36,351 रुपये का भुगतान ब्लॉक प्रमुख राहुल तिवारी की फर्म मां गामादेवी इंटरप्राइजेज और उनकी पत्नी विदुषी की फर्म आस्था ट्रेडर्स को करा दिया।
इसकी जानकारी संबंधित ग्राम पंचायतों के प्रधानों को हुई तो उन्होंने ब्लॉक कार्यालय पर हंगामा किया। इस पर मंगलवार को डीसी मनरेगा हरिशचंद्र ने जांच की तो मौके पर कोई विकास कार्य नहीं मिला। इसके बाद डीसी मनरेगा के आदेश पर बुधवार को दोनों फर्म से 28,36,351 रुपये की वसूली की गई।
मामले में जिम्मेदार सचिव और लेखाधिकारी से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। बीडीओ रामनरेश ने बताया कि फर्जीवाड़े का खुलासा होने पर संबंधित फर्म से रुपयों की वसूली हो गई है। वहीं सचिव व लेखाधिकारी से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
फर्म को ब्लैक लिस्ट करने और एफआईआर की मांग
कानपुर देहात। ब्लॉक की छह ग्राम पंचायतों में बिना काम के भुगतान के मामले में प्रधान संघ संदलपुर की ओर से डीएम को संबोधित ज्ञापन चकबंदी अधिकारी को दिया गया। प्रधानों ने फर्म को ब्लैक लिस्ट करने के साथ ही ब्लॉक प्रमुख पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की। प्रधान संघ अध्यक्ष संदलपुर रमेश चंद्र कुशवाहा ने बताया कि आस्था ट्रेडर्स व मां गामादेवी इंटरप्राइजेज ने ब्लॉक कर्मचारियों से मिलकर बिना काम के मनरेगा के तहत भुगतान करा लिया। डीसी मनरेगा की जांच में इसका खुलासा हुआ है। दोनों फर्म ब्लॉक प्रमुख राहुल तिवारी व उनकी पत्नी की हैं। प्रधानों ने ब्लॉक प्रमुख और उनकी पत्नी पर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। इस दौरान रवि कटियार, प्रदीप कुमार, शीलू, गौरव, दीपू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
मां गामादेवी इंटरप्राइजेज फर्म में मैं पार्टनर हूं, वहीं दूसरी फर्म आस्था ट्रेडर्स पत्नी के नाम पर दर्ज है। ग्राम पंचायत में होने वाले विकास कार्यों की खरीद फरोख्त सचिव व प्रधान फर्मों से करते हैं। फर्मों के खातों में मनरेगा से आई धनराशि को वापस कर दिया है। - राहुल तिवारी, ब्लॉक प्रमुख