सैफई में कार्यकर्ताओं से मिलते प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव। संवाद
- फोटो : ETAWAH
सैफई (इटावा)। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के मुखिया शिवपाल सिंह यादव के सुर बदल गए हैं। कस्बे के एक पब्लिक स्कूल में पत्रकार वार्ता में उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भ्रष्ट अफसर दोनों हाथों से खुलेआम लूट करने में लगे हैं। सरकार का इन पर कोई अंकुश नहीं है।
शिवपाल ने कहा कि पूरे प्रदेश में निराशा का माहौल है। जनता भाजपा सरकार से उकता चुकी है। महंगाई, बेरोजगारी, बिजली संकट से आजिज लोग नए विकल्प की तलाश में हैं। प्रसपा जनता के संघर्षों में सदैव साथ रही है। इसलिए वह हमारी ओर टकटकी लगाए है। प्रसपा जल्द ही भ्रष्टाचार के विरुद्ध जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन करेगी। वर्ष 2024 में प्रदेश की सभी लोकसभा सीटों पर अपनी दम पर चुनाव लड़ेगी। इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है।