कानपुर देहात। बहन के देवर की शादी में शामिल होने जा रहे दंपती को डेरापुर के बिहारी गांव के पास तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दंपती की मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर वाहन व चालक की तलाश शुरू की है।
अमराहट क्षेत्र के करियापुर गांव निवासी राम औतार शर्मा (65) ग्राम पंचायत की पानी की टंकी में पंप ऑपरेटर थे। वह पत्नी कस्तूरी देवी (60) के साथ बाइक से बहन सीमा के देवर राहुल की शादी में शामिल होने के लिए बिधनू के दलनपुर गांव जा रहे थे।
डेरापुर के बिहारी गांव के पास तेज रफ्तार वाहन ने रामऔतार की बाइक में टक्कर मार दी। इससे दंपती बाइक से उछल कर सड़क पर गिर गए। इस दौरान रामऔतार का हेलमेट चकनाचूर हो गया। हादसे की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने दंपती को सीएचसी पहुंचाया।
जहां डॉक्टर ने हालत गंभीर देख दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने उनको मृत घोषित कर दिया। इधर, दंपती की मौत से बेटे संजीव, बेटी रेखा, संध्या, वंदना और नंदनी का रोकर बुरा हाल था।
थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों की तरफ से अज्ञात वाहन व चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जल्द ही हादसा करने वाले वाहन व चालक को पकड़ लिया जाएगा।