रसूलाबाद। भतीजी की शादी का कार्ड उसकी ससुराल में देने के बाद इटावा लौट रहे बाइक सवार चाचा को बिधूना मार्ग पर मलखानपुर ईंट भट्ठे के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। सीएचसी में चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पर परिजन बिलख पड़े।
मूलरूप से इटावा के नगला जींद थाना चौबिया निवासी दिलीप कुमार उर्फ राजू (45) के परिवार में पत्नी विनीता देवी, बेटे विष्णु, कृष्णा व बेटी रुक्मिणी है। दिलीप अपने बड़े भाई ध्रुवपाल के साथ रहते हैं। उनकी पुत्री अंजली की शादी रसूलाबाद के बिरिया गढ़ेवा गांव निवासी सुशील के साथ एक जून को होनी थी।
सोमवार सुबह दोनों भाई शगुन का कार्ड देने के लिए बेटी की सुसराल आए थे। इसके बाद ध्रुवपाल मौके पर ही रुक गए और दिलीप शाम पांच बजे बाइक से नगला जींद इटावा स्थित अपने घर जा रहे थे। रसूलाबाद-बिधूना मार्ग पर मलखानपुर ईंट भट्ठे के पास बाइक सवार दिलीप को अज्ञात ने जोरदार टक्कर मार दी।
सूचना पर पुलिस ने गंभीर घायल दिलीप को सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी राम गोविंद मिश्रा ने बताया कि मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान की गई थी। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।